चौखुटिया(अल्मोड़ा)। शारदीय नवरात्र के दौरान क्षेत्र के देवी मंदिरों में भजन-कीर्तन और घंटे-घड़ियालों की गूंज से माहौल भक्तिमय बना हुआ है। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही लगी हुई है। श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना कर रहे हैं। मासी स्थित भूमिया मंदिर में दुर्गा महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है।
महोत्सव के तहत प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान और देवी भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। दोपहर बाद कथा सुनने के लिए दूर-दराज के गांवों से श्रद्धालु मंदिर परिसर पहुंच रहे हैं। अष्टमी पर कथा व्यास बाला दत्त जोशी ने मां महागौरी की कथा का वाचन किया। उन्होंने मां महागौरी की महिमा और उनकी आराधना के महत्व के बारे में बताया। कथा के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। नवरात्र के चलते क्षेत्र के अन्य देवी मंदिरों में भी पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन का दौर जारी है।