राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के वार्षिक क्रीड़ा समारोह का शुभारंभ करते हुए प्रभारी प्राचार्या डा. शशि पुरोहित ने छात्र-छात्राओं से अनुशासन के बल पर आगे बढ़ने का आह्वान किया। प्रतिभागी छात्र छात्राओं ने शानदार मार्च पास्ट के माध्यम से अतिथियों को सलामी दी।
पहले दिन विभिन्न वर्गों की दौड़, गोला और चक्का फेंक प्रतियोगिताएं हुईं। प्रभारी प्राचार्या डा. शशि पुरोहित ने प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। क्रीड़ा प्रभारी डा. सुरेश टम्टा ने दो दिनी खेलकूद कार्यक्रमों की रूपरेखा बताई। उन्होंने खेलों के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
उद्घोषक की भूमिका डा. एचएस नयाल और डा. आशुतोष त्रिपाठी ने निभाई। 100 मीटर दौड़ छात्रा वर्ग में नवनीता, मीना मेहरा, आरती मेहरा, छात्र वर्ग में हरिकृष्ण आर्या, गोविन्द बिष्ट, निर्मल कोली ने पहला, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया।
गोला फेंक में साल्वी साह, जगदम्बा आर्या, दीक्षा पांडे प्रथम, द्वितीय तृतीय स्थान पर रहे। इस मौके पर प्राध्यापिका डा. उषा मित्तल, डा. अनुपमा तिवारी, डा. बीके सिंह, डा. जया पांडे, डा. रश्मि रौतेला, डा. अमित अग्रवाल, डा. सुशील जैन, अजय शर्मा तमाम प्रध्यापक और छात्र छात्राएं मौजूद थे।