क्षेत्र पंचायत स्याल्दे की ब्लॉक सभागार में हुई बैठक में विद्युत, सिंचाई, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क आदि के मुद्दे छाए रहे। सदस्यों ने उरेडा विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। जिस पर सीडीओ प्रकाश चंद्र ने जांच के निर्देश दिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों द्वारा सदन में उठाए गए मामलों को गंभीरता से लेने को कहा।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को त्वरित गति से समस्याओं के निराकरण करने के भी निर्देश दिए। पंचायत प्रतिनिधियों ने पिछली बैठक में उठाए गए अधिकांश समस्याओं का निराकरण न होने पर रोष जताया। प्रधानों तथा क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने लो-वोल्टेज बिजली, जीर्ण-शीर्ण विद्युत पोल बदलने, झूलते विद्युत तारों को ठीक करने, विद्युत बिलों में सुधार करने के लिए शिविर लगाने की मांग की।
सदस्यों ने देघाट-जौरासी, जौरासी-जैखाल, देघाट-चिंतोली, वल्मरा-केदार, घुघुती-चक्रगांव आदि मोटर मार्गों का मामला उठाया। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था की लचर कार्य प्रणाली पर रोष जताते हुए सराईखेत, स्याल्दे, देघाट, जौरासी, उदयपुर आदि अस्पतालों में डॉक्टरों की नियुक्ति करने की मांग की।
सदस्यों ने उरेडा विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। जिस पर सीडीओ ने जांच के निर्देश दिए। सदस्यों ने क्षेत्र में सिंचाई की खस्ता हालत पर नाराजगी जताते हुए ठीक कराने, नियमित रूप से सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने की मांग की।
अध्यक्षता करते हुए ब्लॉक प्रमुख आनंदी कत्यूरा ने अधिकारियों से पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए। बैठक में डीडीओ डीडी पंत, ज्येेष्ठ उप प्रमुख भूपाल सिंह रावत, बीडीओ किशोरी लाल आर्या समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि आदि थे।