अल्मोड़ा। डीएम वंदना ने कलक्ट्रेट में बैठक कर मानसखंड कॉरिडोर योजना की समीक्षा की। इसके तहत जिले में पहली प्राथमिकता में शामिल किए गए मंदिरों में जुटाई जाने वाली सभी सुविधाओं के प्रस्तावों का ड्राफ्ट तीन नवंबर तक तैयार करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में डीएम ने कहा कि संबंधित विभाग विभिन्न कार्यों के प्रस्ताव संयुक्त रूप से तैयार करें। उन्होंने कहा कि पहली प्राथमिकता में लिए गए कसारदेवी, जागेश्वर, चितई, दूनागिरि, झांकरसैम, नंदादेवी मंदिर में सभी आवश्यक सुविधाओं के लिए पर्यटन विभाग और अन्य संबंधित विभाग संयुक्त रूप से प्रस्तावों का ड्राफ्ट तैयार करें। यह तीन नवंबर तक अनिवार्य रूप से मिल जाना चाहिए।
डीएम ने इस प्रस्ताव में जागेश्वर मंदिर के लिए बाईपास रोड के प्रस्ताव को भी शामिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जागेश्वर के मुख्य मंदिर मार्ग को स्टेट हाईवे के मानकों में लाने, एनएच के चौड़ीकरण, सुधारीकरण, आरतोला पार्किंग के विस्तारीकरण का प्रस्ताव भी तैयार करें।
पनुवानौला बाजार में पर्यटन की दृष्टि से सभी मूलभूत सुविधाओं समेत चितई गोलज्यू मंदिर में पार्किंग के विस्तारीकरण, कसारदेवी रोड के सुधारीकरण, झांकरसैम मंदिर के पहुंच मार्ग को अपग्रेड करने के प्रस्ताव तैयार करने के लिए कहा। बैठक में जिला पर्यटन अधिकारी अमित लोहनी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।