जैंती (अल्मोड़ा)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैंती में पहले एक्सरे टेक्नीशियन न होने से एक्सरे मशीन चालू नहीं हो पाई और अब 14 साल बाद एक्सरे टेक्नीशियन की तैनाती हुई तो एक्सरे मशीन ही खराब हो गई। एक्सरे मशीन और टेक्नीशियन होने के बावजूद मरीजों को एक्सरे सुविधा का लाभ नहीं मिल रहा है। मरीजों को एक्सरे कराने के लिए 90 किमी दूर अल्मोड़ा या फिर 120 किमी दूर हल्द्वानी जाना पड़ रहा है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैंती में एक्सरे मशीन का लंबे समय से संचालन नहीं हो पा रहा था। मशीन संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से वहां एक्सरे टेक्नीशियन की तैनाती कर दी गई है।टेक्नीशियन की तैनाती के बाद उम्मीद थी कि एक्सरे मशीन चालू होने से मरीजों को राहत मिलेगी। पर स्थिति वही ढाक के तीन पात वाली ही रही। एक्सरे टेक्नीशियन मिला तो अब एक्सरे मशीन में ही खराबी आ गई है। इसका खामियाजा मरीजों को भुगतान पड़ रहा है। एक्सरे कराने आने वाले मरीज अस्पताल से बैरंग लौट रहे हैं या अल्मोड़ा आने-जाने में मरीजों को 400 और हल्द्वानी आने-जाने पर 800 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। इससे जहां मरीजों को आर्थिक चपत लग रही है वहीं परेशानी भी झेलनी पड़ रही है। संवाद
एक्सरे सुविधा का लाभ जल्द न मिला तो आंदोलन होगा
जैंती। अस्पताल में तहसील के बचकांडे, मझाऊं, कनोली, बाराकोट, रज्यूड़ा, नया संग्रौली, कुटौली, कालाडुंगरा, शिल्पड़, बसगांव, भाबू, बिराड़, ल्वाली, बस्टा, कुंज, जैंती, कांडे समेत 60 से अधिक गांवों के मरीज उपचार को आते हैं। एक्सरे न होने से मरीजों को बैरंग लौटना पड़ रहा है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्याम नारायण पांडे ने कहा कि यदि एक्सरे सुविधा जल्द शुरू न की गई तो जनता को साथ लेकर आंदोलन किया जाएगा। संवाद
क्या कहते हैं क्षेत्र के लोग
एक्सरे टेक्नीशियन मिलने के बाद एक्सरे की सुविधा मिलने की उम्मीद थी लेकिन मशीन चालू नहीं हो पाई है। एक्सरे न होने से मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। मरीजों को हो रही परेशानियों को किसी को परवाह नहीं है। - कृष्ण कुमार, खांकर (जैंती)।
एक्सरे कराने के लिए अल्मोड़ा और हल्द्वानी जाना पड़ रहा है। आवाजाही में ही काफी पैसा खर्च हो रहा है। कई बार वाहन भी आसानी से नहीं मिलते हैं। इससे अधिक परेशानी झेलनी पड़ती है। - मनोज बिष्ट, सिल्पड़ (जैंती)।
स्वास्थ्य केंद्र में एक्सरे टेक्नीशियन की तैनाती कर दी गई है। एक्सरे मशीन कई सालों से चालू नहीं हो पाई थी जिससे उसमें तकनीकी खराबी आ गई है। विभाग को नई मशीन के लिए लिखा गया है। जल्द एक्सरे सुविधा का लाभ मरीजों को दिया जाएगा। - डॉ. कुलदीप मर्तोलिया, प्रभारी चिकित्साधिकारी जैंती