प्रशक्षिण लेती बालिकाएं डीएम के साथ
- फोटो : amar ujala
राजकीय बाल संरक्षण गृह में रह रहीं किशोरियों के लिए 80 दिवसीय कौशल विकास प्रशिक्षण का शुभारंभ करते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने इस कार्यक्रम को बालिकाओं के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। संरक्षण गृह में रह रहीं बेसहारा बालिकाओं के कौशल में वृद्धि कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए जिला उद्योग केंद्र के निर्देशन में स्पर्धा संस्था द्वारा आयोजित ब्यूटीशियन और कास्मेटोलॉजी पर आधारित कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने बालिकाओं से प्रशिक्षणों के माध्यम से अपने हुनर को आगे बढ़ाने और अपने पैरों पर खड़ा होने का आह्वान किया।
जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक कविता भगत ने किशोरियों को आत्मविश्वास और स्वाभिमान के साथ अपने आप को समाज की मुख्य धारा में स्थापित करने का आह्वान किया। उन्होंने विभाग द्वारा संचालित सरकार की योजनाओं की भी जानकारी दी। इस मौके पर शिवालिक ग्रुप ऑफ होटल्स के प्रतिनिधि विपिन राणा, सुनीता होटल के जगदीश वर्मा और पल्लवी वर्मा ने बाल गृह में रह रहीं किशोरियों के उत्थान के लिए भविष्य में भी सहयोग देने की बात कही।
बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष प्रशांत जोशी ने बाल संरक्षण गृह, बालिका और शिशु सदन में किए गए कार्यों और समस्याओं की ओर ध्यान दिलाया। स्पर्धा संस्था के प्रमुख दीप चंद्र बिष्ट ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस अवसर पर जिला विकास अऱ्धिकारी मो. असलम, समाज कल्याण अधिकारी राजीव नयन तिवारी ने भी विचार रखे।