द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। कोरोना काल में 13 मार्च से स्कूल बंद हैं, बच्चों के साथ ही शिक्षक भी घर ही हैं। ऐसे में राजकीय प्राथमिक विद्यालय नौलाकोट के शिक्षक मनोज कुमार पंत घर-घर जाकर बच्चों को पढ़ाने में जुटे हुए हैं। बच्चों को ऑनलाइन के माध्यम से दिए जा रहे होमवर्क भी देख रहे हैं। शिक्षक के प्रयासों से पिछले पांच सालों में विद्यालय की छात्र संख्या भी बढ़ी है। इसीलिए पूर्व में उन्हें उत्कृष्ट शिक्षक का पुरस्कार भी मिल चुका है।
शिक्षक मनोज पंत की मेहनत से ही लगातार पांचवें वर्ष विद्यालय की छात्र संख्या में वृद्धि हुई है। अब विद्यालय की छात्र संख्या 75 तक जा पहुंची है। उनसे पूर्व विद्यालय में मात्र 23 बच्चे थे। आजकल कक्षाओं के ग्रुप बनाकर ऑनलाइन होमवर्क दिया जा रहा है। घर-घर जाकर होमवर्क की जांच की जा रही है।
वहीं प्रतिदिन वह अपने घर पर शाम चार से छह बजे तक सुरक्षित दूरी का पालन करते हुए बच्चों की विभिन्न समस्याओं का निराकरण भी करते हैं। ग्राम प्रधान धमोली, नौलाकोट, क्षेत्र पंचायत सदस्य नौलाकोट सहित अभिभावकों ने उनके प्रयासों की सराहना की है। पंत ने विद्यालय में कई निर्माण कार्य भी कराए हैं। लोगों के सहयोग और व्यक्तिगत रूप से भी विद्यालय में कंप्यूटर, प्रोजेक्टर, संगीत आदि की व्यवस्था की। इसी कारण विद्यालय की छवि सुधरती जा रही है।