अल्मोड़ा। तेज रफ्तार स्कूटी सवार लड़की ने बीते बुधवार की शाम क्वेराली बैंड के पास स्कूटी सवार शिक्षक को टक्कर मार दी। हादसे में शिक्षक 60 मीटर गहरी खाई में गिर गए जबकि उनके साथ बैठा मिस्त्री घायल हो गया। हादसे के बाद शिक्षक कोमा में हैं और उनका उपचार गाजियाबाद में चल रहा है। घायल के परिजनों की तहरीर पर दन्या थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार चलमोड़ीगाड़ गांव निवासी जीवन चंद्र जोशी घर के निर्माण के लिए देर शाम 6:30 बजे मिस्त्री हासिम के साथ स्कूटी से धौलादेवी की ओर जा रहे थे। क्वेराली बैंड के पास सामने से तेज रफ्तार से आ रही स्कूटी सवार युवती ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि शिक्षक खाई में गिर गए।
घायल मिस्त्री हासिम ने उनके परिजनों को फोन कर हादसे की जानकारी दी। किसी तरह झाड़ियों को काटकर गंभीर रूप से घायल शिक्षक को सड़क तक लाए और पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजन उन्हें सीएचसी धौलादेवी लेकर पहुंच गए। यहां से चिकित्सक ने उन्हें बेस अस्पताल अल्मोड़ा रेफर कर दिया। स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर उन्हें हल्द्वानी और फिर गाजियाबाद रेफर कर दिया गया।
शुक्रवार (25 जुलाई) की देर शाम घायल शिक्षक के परिजनों ने दन्या थाने में तहरीर दी है। उन्होंने स्कूटी चालक कोमल पांडे निवासी दन्या और पीछे बैठी युवती के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-
नाक और कान से काफी खून निकला था
हादसे के बाद घायल शिक्षक की नाक और कान से काफी खून निकल गया था। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में रेफर किया गया। परिजनों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घायल शिक्षक की 28 जुलाई को पंचायत चुनाव के द्वितीय चरण के लिए भी ड्यूटी लगी थी। शिक्षक के परिजनों का कहना है कि स्कूटी सवार लड़कियों ने लापरवाही से उन्हें टक्कर मारी है।
-
घर की छत डालने का भी काम रुका
शिक्षक वर्तमान में घर का निर्माण कार्य कर रहे हैं। उनके घर की छत पड़नी है। उसके लिए सीमेंट और अन्य सामान खरीदने के लिए वह चलमोड़ीगाड़ से धौलादेवी की ओर आ रहे थे। किसे पता था कि हादसा हो जाएगा और वह कौमा में चले जाएंगे।
कोट
- सड़क हादसे में शिक्षक के गंभीर रूप से घायल होने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस जांच कर रही है। - देवेंद्र पींचा, एसएसपी अल्मोड़ा।