फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सेवा आचरण नियमावली के उल्लंघन पर शिक्षक पदावनत

विज्ञापन
विज्ञापन
अल्मोड़ा। शिक्षा विभाग ने सरकारी कर्मचारी सेवा आचरण नियमावली के प्रतिकूल व्यवहार करने के दोषी राजकीय जूनियर हाईस्कूल स्वाड़ी (धौलादेवी) के सहायक शिक्षक आशुतोष खुल्बे को प्राथमिक स्कूल चिल (धौलादेवी) के सहायक शिक्षक के पद पर पदावनत (डिमोशन) कर दिया है। दो जांच कमेटियों की रिपोर्ट के बाद मुख्य शिक्षा अधिकारी एचबी चंद ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।
विज्ञापन

जूहा अमरोलीधार (भिकियासैंण) के सहायक शिक्षक आशुतोष खुल्बे के खिलाफ शिकायतें मिलने के बाद करीब दो साल पहले जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) ने उप शिक्षा अधिकारी भिकियासैंण, जीआईसी जामली और जीआईसी जीनापानी के प्रधानाचार्य की जांच कमेटी गठित की। कमेटी ने 12 नवंबर 2018 को स्कूल में जाकर सभी पक्षों को सुना। पाया कि शिक्षक खुल्बे स्कूल के संचालन, छात्रों के पठन-पाठन में सहयोग नहीं करते हैं। साथ ही दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता बरतते हैं। यह भी पाया कि प्रधानाध्यापक और स्कूल की छवि खराब करने के लिए खुल्बे जिला स्तर से लेकर निदेशालय तक अनावश्यक पत्र व्यवहार कर शिकायत करते हैं जो कि अनुशासनहीनता है। उच्चाधिकारियों के आदेशों की भी अवहेलना करते हैं।
एसएमसी अध्यक्ष और अभिभावकों ने भी खुल्बे का तबादला कर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की थी। जांच कमेटी की संस्तुति के बाद 29 नवंबर 2018 को सहायक शिक्षक खुल्बे का प्रशासनिक आधार पर जूहा स्वाड़ी (धौलादेवी) तबादला कर दिया था। इसके बाद भी शिक्षक की कार्यप्रणाली में कोई सुधार नहीं आया।
विज्ञापन

इसके बाद उप शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक धौलादेवी ने खुल्बे के खिलाफ जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की। इस कमेटी ने भी जांच कर खुल्बे के खिलाफ उत्तराखंड सरकारी सेवा अनुशासन एवं अपील नियमावली 2003 यथा संशोधित 2010 के प्राविधानों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई करने की संस्तुति की थी। नैसर्गिक न्याय की दृष्टि से शिक्षक खुल्बे को मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पांच फरवरी 2020, 16 मार्च 2020 और 26 दिसंबर 2020 को उपस्थित होकर आरोपों के संबंध में पक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, लेकिन तीनों तिथियों पर वह अपना पक्ष रखने के लिए उपस्थित नहीं हुए और न ही कोई लिखित पक्ष प्रस्तुत किया। इसके बाद मुख्य शिक्षा अधिकारी एचबी चंद ने कर्मचारी सेवा आचरण नियमावली के प्रतिकूल व्यवहार करने पर उत्तराखंड सरकारी सेवक (अनुशासन और अपील) नियमावली के निहित प्राविधानों के तहत कार्रवाई करते हुए खुल्बे को सहायक शिक्षक जूहा स्वाड़ी के पद से सहायक शिक्षक राजकीय प्राथमिक स्कूल चिल (धौलादेवी) पर पदावनत करने के आदेश जारी किए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें