अल्मोड़ा। जिले के ताकुला विकासखंड अंतर्गत डोटियाल गांव में किसानों के लिए आय बढ़ाने और आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई। विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (वीपीकेएएस) की ओर से कृषि यंत्र की जानकारी और सोयाबीन आधारित मूल्यवर्धित उत्पादों पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
किसानों को सोयाबीन से टोफू (सोयापनीर), सोया दूध एवं सोया बड़ी बनाने का प्रशिक्षण दिया गया जिसमें प्रतिभागियों ने स्वयं इन उत्पादों को तैयार कर व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। साथ ही सोयाबीन से विभिन्न उत्पाद बनाने की विधियों से संबंधित पर्चे भी वितरित किए गए। किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों मडुवा (रागी) थ्रेशर, धान थ्रेशर की जानकारी दी गई। वैज्ञानिकों ने बताया कि मडुवा थ्रेशर मड़ाई में समय और श्रम की बचत करता है, कम शक्ति में अधिक कार्य करता है व चलाने में सरल है। इसकी क्षमता लगभग 80-100 किलोग्राम प्रति घंटा है।