रामनगर से मौलेखाल को आ रही टाटा सूमो एक वाहन को पास देते समय 20 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे वाहन में सवार पांच लोग घायल हो गए। गंभीर दो लोगों को रामनगर के बाद हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार मौलेखाल को आ रही टाटा सूमो यूके-01 टीए-2998 शुक्रवार सुबह 11 बजे दशोली के पास एक वाहन को पास देते समय उसी से जा टकराई और अनियंत्रित होकर 20 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में चालक समेत पांच लोग सवार थे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को स्वास्थ्य केंद्र देवालय पहुंचाया। एसओ बिशन लाल और तहसीलदार सतीश चंद्र बर्थवाल ने मौके पर पहुंचकर घायलों की जानकारी ली। एसओ बिशन लाल ने बताया कि वाहन में सवार 30 वर्षीय सीमा देवी पत्नी विक्रम सिंह, निवासी करगेत और नौ वर्षीय सौरभ पुत्र ललित किशोर निवासी डांडा, सल्ट को गंभीर चोट के चलते 108 एंबुलेंस से रामनगर पहुंचाया गया। जहां से उन्हें हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है। जबकि 37 वर्षीय चालक हेम चंद्र नैनवाल पुत्र हंसादत्त नैल, 16 वर्षीय मनीष रावत पुत्र सादर सिंह रावत निवासी झड़गांव सल्ट और ललित किशोर निवासी डांडा का स्वास्थ्य केंद्र देवालय में उपचार किया जा रहा है।