जसपुर कोट के कटियाखाल में क्रमिक अनशन पर बैठे ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
थला-मुनड़ा मोटर मार्ग से भीताकोट तक सड़क बनाने की मांग को लेकर जसपुर कोट के कटियाखाल में क्रमिक अनशन नौवें दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को उप जिलाधिकारी मोनिका ने मौके पर पहुुंचकर अनशनकारियों से वार्ता की। लेकिन आंदोलनकारियों ने उनकी एक नहीं सुनी। इधर आंदोलनकारियों ने 12 जनवरी को जालीखान में चक्काजाम करने का एलान किया है। उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।
सल्ट की उप जिलाधिकारी मोनिका शुक्रवार को कटियाखाल में क्रमिक अनशन पर बैठे ग्रामीणों से वार्ता करने पहुंची। उन्होंने अनशनकारियों से मांग पूरी करने के लिए एक माह का समय मांगा लेकिन ग्रामीण नहीं माने। अनशनकारियों ने एसडीएम से एक महीने के भीतर सड़क कटान शुरू करने का लिखित आश्वासन देने पर ही आंदोलन समाप्त करने की बात कही। ग्रामीणों ने 12 जनवरी को जालीखान में चक्काजाम करने का एलान किया है। एसओ हरीश प्रसाद भी मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने ग्रामीणों से चक्काजाम नहीं करने को कहा। अन्यथा कार्रवाई करने की जाएगी। क्रमिक अनशन में देवकी देवी, कौशल्या देवी, गांगुली देवी, शांति देवी, उमेश चंद्र बैठे। समर्थन में अमित रावत, गुणानंद ध्यानी, गिरीश चंद्र उप्रेती, प्रकाश उप्रेती, सतीश उप्रेती, चंदन सिंह, केशर सिंह, साधों सिंह, रेवती देवी, कौशल्या देवी, शोभा देवी, हीरा देवी, हंसी देवी, भागा देवी, उमा देवी आदि धरने पर बैठे।