गांव की प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र देते अतिथि। संवाद
चौखुटिया (अल्मोड़ा)। विकासखंड के मासी क्षेत्र के आदिग्राम फुलोरिया में इस बार तीन दिवसीय 11वां ग्रीष्मोत्सव आयोजित हुआ। विविध कार्यक्रमों के बीच रविवार को भंडारे और गांव की प्रतिभाओं के सम्मान के साथ समापन हुआ।
बीते शुक्रवार को प्रभातफेरी से ग्रीष्मोत्सव के कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। दो दिनों में स्वच्छता अभियान, रुद्राभिषेक और भंडारा हुआ। अंतिम दिन रविवार को सुबह योगाभ्यास और सद्भावना क्रिकेट मैच हुआ। पंचायत घर में रंगारंग कार्यक्रम भी हुए। यहां आयोजित कार्यक्रम में गांव की प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वालों में भारतीय राजस्व सेवा में कार्यरत इशिता फुलोरिया, पीसीएस परीक्षा में सफलकुलश्रेष्ठ फुलोरिया, एनडीए में सफल देव फुलोरिया, आयकर विभाग मुंबई में कार्यरत गौरव फुलोरिया, ग्रामीण बैंक में पीओ शिवांशु फुलोरिया और यूनियन बैंक में कार्यरत गायत्री फुलोरिया शामिल हैं। इन्हें प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ललित उपाध्याय, विशिष्ट अतिथि नेहा उपाध्याय रहे जबकि अध्यक्षता निवर्तमान ग्राम प्रधान कमला फुलोरिया और संचालन हर्ष फुलोरिया ने किया। कार्यक्रम में भारत नंदन, चंद्र प्रकाश, भैरव दत्त, अनामिका शाह, तारा सती आदि मौजूद रहे।