जिले के ताकुला विकासखंड में लगातार बढ़ रही रसोई गैस की किल्लत से ग्रामीण परेशान हैं। अपर्याप्त पूर्ति होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर रसोई गैस की आपूर्ति शीघ्र नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि एक सितंबर को ताकुला में रसोई गैस की आपूर्ति हुई, लेकिन कई लोगों को गैस नहीं मिल सकी। गैस विभाग के अधिकारियों ने तब शीघ्र गैस आपूर्ति होने का आश्वासन दिया था, लेकिन तीन माह तक गैस नहीं पहुंची।
दिसंबर दूसरे सप्ताह में बसौली में रसोई गैस के तीन ट्रक पहुंचे, लेकिन महीनों से रसोई गैस का इंतजार कर रहे उपभोक्ताओं में गैस लेने को होड़ लग गई। कई उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिली। गैस नहीं मिलने के कारण ग्रामीण जंगलों से लकड़ी लाकर खाना बनाने को मजबूर हैं।
उन्होंने क्षेत्र में रसोई गैस की शीघ्र आपूर्ति नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। ज्ञापन देने वालों में ग्राम पंचायत अमखोली की प्रधान पुष्पा लोहनी, रंजना वर्मा, चंद्रा पंत, मीरा तिवारी आदि शामिल हैं।
इधर इंडेन गैस सर्विस के स्थानीय प्रबंधक राजीव कुमार ने बताया कि बसौली से ताकुला बाजार तक गैस वितरित की गई है। क्षेत्र के करीब 500 उपभोक्ताओं ने डीबीटीएल नहीं कराया है। ऐसे उपभोक्ताओं को गैस आवंटित नहीं की जा रही है। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से डीबीटीएल करा लेने को कहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में रसोई गैस की शीघ्र आपूर्ति की जाएगी।