बार-बार गुहार के बाद भी जब सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने सिंचाई नहर की सफाई नहीं की तो महिला मंगल दल ने व्यवस्था को आइना दिखाते हुए सामूहिक अभियान चलाकर नहर साफ करने का बीड़ा उठाया और एक ही दिन में पूरी नहर की सफाई कर डाली।
सफाई के बाद नहर में पानी पहुंचने से काश्तकारों को काफी राहत मिली है। खास बात यह है कि यह नहर चौखुटिया बाजार से लगी है जहां अधिकारी आसानी से उपलब्ध रहते हैं। ऐसे में सुदूरवर्ती क्षेत्रों के विकास कार्यों को लेकर संबंधित विभागों का क्या रवैया रहता होगा, इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।
बाजार से लगे ग्राम पंचायत धुधलिया बिष्ट की सिंचाई नहर की लंबे समय से सफाई न होने से लोग खासे परेशान थे। ग्रामीणों ने इसके लिए संबंधित अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई किंतु उनके कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। महिला मंगल दल से जुड़ी गांव की महिलाओं ने आखिर खुद ही नहर की सफाई करने का बीड़ा उठाया। गांव की महिलाएं महिला मंगल दल के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को सुबह ही इस कार्य जुट गईं और देर शाम तक पूरी नहर की सफाई कर डाली। नहर की सफाई करने वालों में पुष्पा अटवाल, गीता, लीला, कमला, विमला, चंपा, जानकी, तारा, मंजू, गोपाल सिंह, हरीश अटवाल, नेहा, शांतिदेवी, पार्वती व रेखा सहित बड़ी संख्या में अन्य महिलाएं शामिल रहीं।
अधिकारियों को कोसती रहीं महिलाएं
नहर की सफाई के दौरान महिलाएं आपस में बात करते हुए सिंचाई विभाग के अधिकारियों को कोसती रहीं। महिलाओं का कहना था कि नहर की सफाई तो वे कर रही हैं, परंतु अब विभाग सफाई के नाम पर बजट बनाकर खुद ही हजम कर जाएगा।