मौलेखाल (अल्मोड़ा)। पारस संस्था के कार्यकर्ताओं ने सल्ट ब्लॉक के विभिन्न स्कूलों में जाकर छात्र-छात्राओं को नशा मुक्त समाज निर्माण, व्यसन मुक्त जीवन जीने का संकल्प दिलाया। संस्था की ओर से शुक्रवार को जीआईसी बांगीधार में गोष्ठी हुई। जिसमें वक्ताओं ने छात्रों और युवाओं में बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताई। कहा कि नशे से युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है। उन्होंने युवाओं से नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने का आह्वान किया।
संस्था के अध्यक्ष कुबेर सिंह कड़ाकोटी ने कहा कि विद्यार्थी का समय काफी कीमती है। इस उम्र में बच्चे मन, वचन, कर्म से शक्तिशाली होते हैं। नागरिकों को व्यसन मुक्त जीवन जीना चाहिए। उन्होंने नशे से होने वाले दुष्परिणाम बताए। उन्होंने कहा कि युवाओं में नशे की प्रवृति बढ़ रही है। स्कूली बच्चे भी नशे की चपेट में आने लगे हैं जो भविष्य के लिए शुभ संकेत नहीं है।
संस्था के कार्यकर्ताओं ने राजकीय कन्या हाईस्कूल बांगीधार, जीआईसी खुमाड़, पैंसिया, नौला, सल्ट पब्लिक स्कूल समेत कई स्कूलों में छात्र-छात्राओं को नशा मुक्त समाज निर्माण, व्यसन मुक्त जीवन जीने का संकल्प दिलाया। अभियान चलाने वाले दल में नंदन रावत, देवेंद्र नेगी, टीएस मनराल, जसी राम आर्या, शशि जोशी, ममता, बाबूलाल आदि थे।