उत्तराखंड स्वच्छकार कर्मचारी संघ की ओर से सफाई कर्मियों ने प्रदेश शासन द्वारा शहरी विकास विभाग के ढांचे में सफाई कर्मियों के पदों को कम करने के खिलाफ नगर में जोरदार जुलूस निकाला।
इस अवसर पर हुई सभा में उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने यह निर्णय वापस नहीं लिया तो पूरे प्रदेश में आंदोलन किया जाएगा।
भारी बारिश के बावजूद सफाई कर्मचारी पालिका परिषद कार्यालय परिसर में एकत्र हुए और यहां से मुख्य मार्गों से होकर कलक्ट्रेट तक जुलूस निकाला।
इस मौके पर हुई सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शासन के निर्णय से अल्मोड़ा में 173 सफाई कर्मियों के पद समाप्त करके सिर्फ 69 सफाई कर्मियों के पद सृजित किए जा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्र की परिस्थितियां बिल्कुल भिन्न हैं। यहां मैदानी क्षेत्र की तरह कूड़ा वाहनों से नहीं ढोया जा सकता है। यहां सफाई कर्मियों को कूड़ा आदि सिर पर ढोना पड़ता है।
सरकार को खासतौर पर पर्वतीय क्षेत्र के लिए अतिरिक्त पद सृजित करने चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने अपने निर्णय पर पुनर्विचार नहीं किया तो राज्यव्यापी आंदोलन चलाया जाएगा। बाद में उन्होंने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा।
जुलूस और सभा में उत्तराखंड स्वच्छकार कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष राजपाल पवार शाखा अध्यक्ष सुरेश केसरी, सुरेश चंद्र, नंदकिशोर, गिरवर लाल, राजेश टॉक, दीपक चंदेल, सतीश कुमार, हरिप्रसाद, अनिल, राजेंद्र, चेतन, मुकेश, ललित, कृष्ण, संदीप, भूपेंद्र आदि सफाई कर्मी शामिल थे।