क्षेत्र में पिछले 48 घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश से नदी नाले उफान पर हैं। रामगंगा का जलस्तर खतरे के निशान तक पहुंचने लगा है।
ग्राम पंचायत ग्वाली में पेड़ गिरने से एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। बाजार क्षेत्र के एक मकान में पानी घुसने से नेपाली मजदूरों के कमरे में रखा बिस्तर, राशन और कपडे़ बर्बाद हो गए हैं।
हालांकि नए बने तटबंधों से थोड़ा राहत मिली है परंतु बारिश इसी तरह जारी रही तो बाजार क्षेत्र के कुछ भागों में पानी घुसने के पूरे आसार हैं।
ग्राम पंचायत ग्वाली में हनुमान मंदिर के निकट नंदी देवी पत्नी स्व.हरीदत्त के मकान के ऊपर पेड़ गिर गया जिससे मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है।
घटना के समय मकान में मौजूद मकान मालकिन और उनका पोता बाल-बाल बच गए। घटना मंगलवार रात ढाई बजे की बताई गई है। राजस्व उप निरीक्षक इसरार अहमद ने मौका मुआयना किया। बाजार में दुकानदार मथुरादत्त मठपाल के मकान के नीचे के हिस्से में पानी भर गया है।
किराए पर रहने वाले नेपाली इंद्र सिंह, करन सिंह और जयसिंह के कमरे में पानी घुसने से राशन, कपड़ा और बिस्तर बर्बाद हो गया है। राजस्व उप निरीक्षक एनएस करायत ने मौका मुआयना किया। उधर कुथलाड़ और कउगाड़ गधेरे ने भी कई खेतों को अपनी चपेट में लिया है।