जूनियर हाईस्कूल बागपाली में छात्र को पुरस्कृत करते डीएम नितिन सिंह भदौरिया।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा है कि वर्तमान समय विज्ञान का है। विज्ञान ने जीवन को काफी सरल बना दिया है। कड़ी मेहनत से ही सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है और हमेशा अनुशासित होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। डीएम विकासखंड धौलादेवी के दूरस्थ जूनियर हाईस्कूल बागपाली में विज्ञान महोत्सव को संबोधित कर रहे थे।
डीएम ने कहा कि जीवन में ऊंचा लक्ष्य रखें। उन्होंने बच्चों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी देखी और मॉडलों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जागेश्वर मंदिर समिति द्वारा इस स्कूल का रूपांतरण कार्यक्रम के तहत कायाकल्प का कार्य किया जाएगा। विद्यालय में सभी मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने के प्रयास होंगे। डीएम ने स्कूल की चहारदीवारी बनाने और विद्युत पोल लगाने की सहमति दी। डीएम ने प्रतिभागी बच्चों को सम्मानित भी किया।
जागेश्वर मंदिर प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष गोविंद गोपाल ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में एकजुट होकर कार्य करना होगा। डीईओ (माध्यमिक) एचबी चंद ने कहा कि बच्चों को हमेशा विभिन्न नवाचारी गतिविधियों में प्रतिभाग करना चाहिए। कार्यक्रम में शिक्षक संघ अध्यक्ष दीप चंद्र पांडे, जिला समन्वयक रमसा विनोद रौठार जिला पंचायत सदस्य चंद्रा पंत, विद्यालय के प्रधानाध्यापक योगेंद्र रावत, व्यापार मंडल दन्यां के अध्यक्ष पूरन बिष्ट, ललित जोशी, दीप चंद्र पांडे, हरेंद्र चौधरी, नीरज पांडे, विजय कुमार, प्रकाश राम, गणेश कांडपाल, राजन राम, जगदीश बगडवाल, हेम जोशी आदि उपस्थित थे। संचालन पूरन चंद्र पांडे ने किया।