अल्मोड़ा। प्रदेश के उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश पाने के इच्छुक छात्र- छात्राएं जल्द घर बैठे ही विश्वविद्यालय की मेरिट सूची देख सकेंगे। नई व्यवस्था लागू होने पर उन्हें सूची में अपना नाम खोजने के लिए एक से दूसरे विवि के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। विश्वविद्यालयों की ओर से अपने परिसर और महाविद्यालयों की मेरिट सूची समर्थ पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। विद्यार्थी पोर्टल पर लॉग इन कर आसानी से मेरिट सूची देख पाएंगे।
प्रदेश के तीन विश्वविद्यालय एसएसजे, श्रीदेव सुमन और कुमाऊं विवि में प्रवेश मेरिट सूची देखने के लिए विद्यार्थियों को अब अधिक संघर्ष नहीं करना पड़ेगा। समर्थ पोर्टल पर लॉग इन करते ही वह चयनित विवि के अधीन परिसर और महाविद्यालय की प्रवेश मेरिट सूची देख सकेंगे। वर्तमान में स्नातक पहले सेमेस्टर में प्रवेश के लिए विद्यार्थी प्रदेश के तीन विश्वविद्यालयों के अधीन 10 परिसर और महाविद्यालयों का चुनाव कर सकते हैं, लेकिन उन्हें मेरिट सूची देखने के लिए एक से दूसरे विश्वविद्यालय की दौड़ लगानी पड़ रही है। इसे देखते हुए समर्थ पोर्टल टीम ने छात्र हितों में यह डिजिटल पहल शुरू करने का निर्णय लिया है। जल्द पोर्टल पर ही तीनों विवि की मेरिट सूची जारी होने से छात्र- छात्राओं को राहत पहुंचेगी।
तय समय पर होंगे प्रवेश
समर्थ पोर्टल पर ही मेरिट सूची उपलब्ध होने से छात्र- छात्राएं निर्धारित समय पर परिसर और महाविद्यालयों में प्रवेश ले सकेंगे। इससे शिक्षा सत्र भी समय पर पूरा होगा। वहीं इस पहल से प्रदेश में उच्च शिक्षा संस्थानों में दाखिले की प्रक्रिया अधिक सहज और पारदर्शी होगी।
समय और धन की होगी बचत
तीनों विश्वविद्यालय की मेरिट सूची पोर्टल पर ही जारी होने से विद्यार्थियों की हर विद्यालय तक जाने की मजबूरी खत्म होगी। वहीं इससे उनका समय और धन दोनों की बर्बाद होने से बचेगा।
कोट
उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए यह पहल की गई है। समर्थ पोर्टल पर तीनों विश्वविद्यालयों के अधीन परिसर और महाविद्यालय की मेरिट सूची जारी होगी। पोर्टल पर ही विद्यार्थी सूची में अपना नाम देख सकेंगे। - डॉ. शैलेंद्र कुमार सिंह, प्रदेश नोडल अधिकार, समर्थ टीम।