अल्मोड़ा। एसएसजे परिसर अल्मोड़ा में छात्रसंघ उपसचिव दीपक तिवारी विभिन्न मांगों को लेकर मुखर हो गए हैं। बुधवार को मांगों को लेकर उपसचिव ने परिसर निदेशक समेत विभिन्न कार्यालय बंद कर दिए और निदेशक कार्यालय गेट के बाहर धरने पर बैठ गए। परिसर की ओर से मागों के समाधान का आश्वासन दिया गया लेकिन वह इससे संतुष्ट नहीं हुए और बृहस्पतिवार से पूरे परिसर को बंद करवाने की चेतावनी दे डाली।
सुबह परिसर निदेशक के कार्यालय का गेट बंद कर धरने पर बैठे उपसचिव ने कहा कि वह लंबे समय से एनसीसी में गए छात्रों के परीक्षा परिणाम घोषित करने, स्नातकोत्तर के सभी विषयों में 10-10 सीटें बढ़ाने, द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर में प्रमोट छात्र-छात्राओं को प्रवेश देने, स्नातकोत्तर में ऑफलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने समेत तमाम मांगें कर चुके हैं। लेकिन मांगों को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे छात्रों के भविष्य पर खतरा मंडरा रहा है।
छात्रों की प्रवेश संबंधित समस्या भी दूर नहीं हो पा रही हैं। मौके पर पहुंची पुलिस और परिसर प्रशासन की टीम ने उपसचिव को काफी देर समझाया। मांगों पर कार्रवाई के आश्वासन पर वह शाम साढ़े तीन बजे धरने से उठे। उपसचिव ने बताया कि वह आश्वासन से संतुष्ट नहीं हैं। अब वह बृहस्पतिवार से पूरे परिसर को बंद कर धरने पर बैठेंगे।