भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। न्याय पंचायत भिकियासैंण में कार्यरत ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (वीपीडीओ) पर विकास कार्यों के संपादन में देरी करने का आरोप लगाते हुए प्रधानों और भाजपा पदाधिकारियों ने बुधवार को बीडीओ कार्यालय में सांकेतिक तालाबंदी की। उन्होंने वीपीडीओ के स्थानांतरण की मांग की है। उनका जल्द तबादला नहीं होने पर ब्लॉक कार्यालय में अनिश्चितकालीन तालाबंदी की धमकी दी है।
बुधवार दिन में क्षेत्र के प्रधान और भाजपा पदाधिकारी ब्लॉक कार्यालय पुहंचे और नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इसके बाद ब्लॉक कार्यालय में आधे घंटे तक तालाबंदी की। प्रधानों ने कहा कि न्याय पंचायत के ग्राम पंचायतों में होने वाले विभिन्न विकास कार्य ग्राम पंचायत विकास अधिकारी के धीमी कार्यशैली से प्रभावित हो रहे हैं। कार्य समय पर नहीं होने से जनता को लाभ नहीं मिल पा रहा है। एक माह से वीपीडीओ को स्थानांतरित करने की मांग की जा रही है, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
एलान किया शीघ्र ग्राम पंचायत विकास अधिकारी का स्थानांतरण नहीं हुआ तो ब्लॉक कार्यालय में अनिश्चितकालीन तालाबंदी कर दी जाएगी। तालाबंदी करने वालों में भाजपा मंडल अध्यक्ष त्रिलोक सिंह भंडारी, जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष पान सिंह मावड़ी, गोविंद रावत, संदीप खुल्वे, संजय अग्रवाल, देवगिरी गोस्वामी, तारादत्त शर्मा, राजेंद्र रौतेला, हिमांशु मावड़ी, जीवन सिंह, उमेश राम, ललिता देवी, ममता देवी, राजेंद्र बिष्ट आदि शामिल रहे।