माता-पिता और बहन के साथ विशाल।
- फोटो : अमर उजाला
पिछले माह 26 सितंबर को घर से लापता हुए आर्मी पब्लिक स्कूल के छात्र विशाल जड़ौत को पुलिस ने महाराष्ट्र से बरामद कर लिया है। पुलिस ने बरामद छात्र की काउंसलिंग करने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
तिलकपुर खोल्टा निवासी ललित जड़ौत का पुत्र विशाल जड़ौत 26 सितंबर को परिजनों को बिना बताए घर से कहीं चला गया था। परिजनों द्वारा थाना कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस लापता छात्र को ढूंढने में जुट गई थी। इस मामले की जांच उपनिरीक्षक संतोष देवरानी को सौंपी गई। छात्र को खोजने के लिए अल्मोड़ा पुलिस ने सर्विलांस और अन्य सूत्रों के माध्यम से छात्र की दिल्ली, मुरैना मध्यप्रदेश में खोजबीन की। इस दौरान मुरैना पुलिस ने छात्र की लोकेशन महाराष्ट्र में बताई। इसके बाद कांस्टेबल दिनेश सिंह रावत और छात्र के परिजनों ने विशाल को स्थानीय पुलिस के सहयोग से तीन अक्तूबर को पुणे रेलवे स्टेशन में खोज लिया। पूछताछ में विशाल का कहना था कि उसे क्रिकेट का शौक है और क्रिकेट अकादमी पुणे में प्रवेश लेने के लिए वह बिना बताए घर से चला गया। परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया है।