अल्मोड़ा। एसएसजे परिसर अल्मोड़ा में विभिन्न मांगों को लेकर छात्रों में फिर गुस्सा फूट पड़ा है। पिछले दिनों मिले आश्वासन के 15 दिनों बाद भी मांगें पूरी नहीं होने से छात्र फिर भड़क गए हैं। मंगलवार को आक्रोशित छात्रों ने परिसर निदेशक कार्यालय में तालाबंदी कर दी। इस दौरान छात्र क्रमिक अनशन पर बैठ गए। छात्रसंघ उपसचिव दीपक तिवारी ने बुधवार को पद से इस्तीफा देने की चेतावनी दी है।
मालूम हो कि पिछले दिनों छात्रसंघ उपसचिव दीपक तिवारी और एनएसयूआई कार्यकर्ता विपुल कार्की के नेतृत्व में छात्र एसएसजे परिसर अल्मोड़ा में सांकेतिक धरने पर बैठे थे। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर परीक्षा परिणामों में गड़बड़ी का आरोप लगाया था। इसके अलावा छात्रों को प्रोन्नत करने, उत्तर पुस्तिकाओं को दोबारा जांचने समेत विभिन्न मांगे उठाई थीं।
बाद में प्रशासन के आश्वासन पर उन्होंने धरना स्थगित किया था। इधर सोमवार को छात्र फिर भड़क गए। छात्रों ने कहा कि पूर्व में मांगों को लेकर 18 दिनों तक सांकेतिक प्रदर्शन किया गया। परिसर प्रशासन की ओर से मांगें पूरी किए जाने का लिखित आश्वासन मिला। जिसपर छात्रों ने धरना स्थगित कर दिया था। लेकिन अब 15 दिन बीतने पर भी न तो मांगें पूरी हुईं और न ही कोई सकारात्मक कदम उठाए गए हैं। छात्रों ने कहा कि असाइनमेंट, फीस आदि पर ठोस कदम उठाए जाएं।
इस दौरान छात्रों ने परिसर निदेशक कार्यालय में तालाबांदी कर दी। छात्रसंघ उपसचिव दीपक ने कहा कि मांगों को लेकर छात्र क्रमिक अनशन पर बैठ गए। इसके साथ ही अब वह बुधवार को अपने पद से इस्तीफा देंगे।