कुमाऊं विवि एसएसजे परिसर अल्मोड़ा से होकर जाने वाली रोड में परिसर के भीतर पुलिस द्वारा एक युवक की बाइक सीज कर देने से छात्र भड़क गए। छात्रसंघ पदाधिकारियों के नेतृत्व में छात्रों ने नारेबाजी करते हुए परिसर बंद करा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस बगैर अनुमति के परिसर के भीतर पहुंचकर छात्रों को प्रताड़ित कर रही है। बौखलाए छात्रों ने परिसर में जमकर तोडफ़ोड़ की और परिसर निदेशक के कार्यालय का फर्नीचर पलट दिया। उस वक्त परिसर निदेशक प्रो.आरएस पथनी ऑफिस में मौजूद नहीं थे। एक छात्र ने एक बाइक से पेट्रोल निकालकर अपने कपड़ों में छिड़ककर आत्मदाह करने का प्रयास किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्र की कमीज उतरवाकर शांत कराया। बाद में उन्होंने परिसर में पुलिस प्रशासन और परिसर प्रशासन का पुतला भी फूंक डाला।
जानकारी के मुताबिक कोतवाली पुलिस का वाहन परिसर के भीतर होकर जाने वाले मार्ग से लोअर माल रोड की तरफ जा रहा था। पुलिस कर्मियों ने तेज गति से बाइक लेकर आ रहे युवक को रोककर हेलमेट पहनने और गति कम करने को कहा। इस पर युवक पुलिस से उलझ गया। पुलिस ने कुछ देर बाद बाइक को सीज कर दिया।
बाइक सीज करने से छात्र भड़क गए। कुछ ही देर में छात्र संघ पदाधिकारियों के नेतृत्व में छात्रों ने परिसर बंद कराकर नारेबाजी शुरू कर दी। कुछ उग्र छात्र परिसर निदेशक कार्यालय पहुंच गए और वहां तोड़फोड़ करके फर्नीचर पलट दिया। छात्र संघ ने एलान किया है कि यदि इस मामले में छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई तो परिसर को अनिश्चितकाल के लिए बंद करा दिया जाएगा। छात्रों ने बायोमेट्रिक मशीन भी गिरा दी। कुलानुशासक कार्यालय के गेट का ताला भी तोड़ दिया और धरने पर बैठ गए।
इस मौके पर हुई सभा में छात्र संघ अध्यक्ष राजन जोशी ने कहा कि पुलिस परिसर प्रशासन की अनुमति के बगैर परिसर में आकर छात्रों को परेशान कर रही है। जबकि नियमानुसार पुलिस परिसर प्रशासन की अनुमति के बिना परिसर में आकर कोई कार्रवाई नहीं कर सकती। छात्रों के प्रदर्शन में छात्र संघ अध्यक्ष राजन जोशी के अलावा पूर्व अध्यक्ष अक्षित पांडे, महासचिव अक्षय कुमार, उपसचिव चंदन बहुगुणा, अभिषेक बनौला, उपाध्यक्ष पुष्कर बिष्ट, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष राजेंद्र राठौर, नंदन सिंह नेगी, सुनील सिंह, ललित सतवाल, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष पवन मेहरा, कमल कोरंगा, ललित फत्र्याल, आशीष जोशी, कमल नेगी, शुभम पांडे, गोपाल मेर, संदीप तड़ागी, संतोष कुमार आदि शामिल थे।