अल्मोड़ा। जिलाधिकारी ईवा आशीष ने सिंचाई, जल संस्थान और जल निगम को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए नगर में पेयजल व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए हैं। कोसी बैराज और पंपिंग योजना का निरीक्षण करने पहुंचीं जिलाधिकारी ने कोसी फिल्टर प्लांट के सभी उपकरण दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए।
पिछले दिनों तीन दिन की बारिश के कारण नगर में पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई थी और कई बार इस तरह के व्यवधान होते रहे हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि जल संस्थान को मुस्तैदी से काम करना होगा। कोसी पंपिंग योजना और मटेला फिल्टर प्लांट का निरीक्षण करते हुए उन्होंने सभी उपकरणों को ठीक से रखने और सावधानी पूर्वक काम करने को कहा।
उन्होंने कहा कि वह समय-समय पर पेयजल व्यवस्था का जायजा लेंगी। पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता वीके मौर्य ने बताया कि नई कोसी पंपिंग योजना के लिए 10.50 करोड़ स्वीकृत हो गए हैं जिसमें से अभी तक 2.25 करोड़ रुपये जारी हुए हैं और प्राप्त धनराशि से कार्य शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि इस पंपिंग योजना के बन जाने से नगर की पेयजल व्यवस्था सुचारू हो जाएगी। इस दौरान अधीक्षण अभियंता जल संस्थान केएस खाती, सहायक अभियंता केडी भट्ट, सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता भारत भूषण पांडे, प्रमोद कुमार पाठक, सहायक अभियंता जल संस्थान मुकेश कुमार, हेमंत भैसोड़ा, पप्पू बिष्ट आदि मौजूद थे।