एसएसजे परिसर अल्मोड़ा में छात्रसंघ चुनाव से पूर्व आमसभा में विभिन्न पदों पर उम्मीदवारों ने वायदों की झड़ी लगा दी।
प्रत्याशियों ने जीतने पर परिसर में रोजगार परक विषय खोलने, पानी, बिजली, सड़क आदि समस्याएं हल करने का वायदा किया। छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान शनिवार को प्रात: 10 बजे से होगा।
छात्रसंघ चुनाव को मतदान से पहले शुक्रवार को हुई छात्रों की आम सभा में सभी प्रत्याशियों ने चुनाव जीतने पर परिसर की समस्याएं हल करने का वायदा किया।
सभा में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अक्षित पांडे, प्रकाश चंद्र कार्की, भावना नगदली, राहुल खोलिया, उपाध्यक्ष पूरन सिंह, हिमांशु कांडपाल, छात्रा उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी नेहा शर्मा, सृष्टि नेगी, सचिव पद के प्रत्याशी ललित सिंह, शरद भाकुनी, संयुक्त सचिव पद के प्रत्याशी रजत सिंह मेहरा, कोषाध्यक्ष पद के प्रत्याशी कल्पित रावत, विनय जोशी आदि ने विचार रखे।
परिसर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था। प्रत्याशियों के मंच पर पहुंचते ही उनके समर्थक जमकर नारेबाजी कर रहे थे।
छात्रसंघ के विभिन्न पदों के लिए शनिवार को मतदान दस बजे से अपराह्न दो बजे तक होगा। 2.30 बजे से मतगणना होगी। इसके बाद चुनाव परिणाम घोषित होंगे और विजयी पदाधिकारियों को शपथ दिलाई जाएगी।
इधर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम रिंकू बिष्ट ने परिसर में धारा 144 लागू कर दी है। परिसर निदेशक प्रो. आरएस पथनी ने बताया कि मतदान के दिन बगैर परिचय पत्र के किसी को भी परिसर में प्रवेश नहीं मिलेगा।
इस बीच छात्रों के जुलूस के कारण माल रोड में काफी देर तक जाम लगा रहा। अधिकांश वाहनों को दूसरे मार्गों से होकर जाना पड़ा।
----------------------------
फोटो-16एएलएम10से12पी तक