अल्मोड़ा। राजकीय इंटर कॉलेज हवालबाग में अटल टिंकरिंग लैब में साइंटिफिक लेक्चर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुणे स्थित ब्रिटिश मल्टीनेशनल कंपनी के सेल्स डायरेक्टर वरिष्ठ इंजीनियर राजीव जोशी ने अटल टिंकरिंग लैब में उपकरणों और मशीनें देखीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी लक्ष्य निर्धारित कर उसे पाने के लिए कठिन परिश्रम करें।
उन्होंने आर्टिफीसियल इंटेलिजेंस, लिफ्ट तकनीक समेत अन्य नई तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों द्वारा बनाए मॉडलों की प्रशंसा की। बच्चों से कहा कि वह वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाते हुए आगे बढ़ें। छात्रों ने उन्हें लैब में स्थापित मशीनों के संचालन की जानकारी दी और मॉडल प्रदर्शित किए। छात्र गौरव नेगी, मनोज तिवाड़ी समेत अन्य विद्यार्थियों ने ड्रोन, एयर पॉल्यूशन कंट्रोलर, ब्लाइंड स्टिक, स्मार्ट डस्टबिन, मूविंग रोबोट, मूविंग ट्रैक्टर, होम ऑटोमेशन, स्मार्ट होम मॉडल्स और 3-डी प्रिंटर से बनाए मॉडल दिखाए।
स्कूल के प्रधानाचार्य मदन सिंह मेर ने बताया कि अटल लैब में समय-समय पर विशेषज्ञ और वैज्ञानिक को आमंत्रित किया जाता है जो कि यहां आकर बच्चों का मार्गदर्शन करते हैं। लैब के प्रभारी डॉ. कपिल नयाल ने बताया कि यह लैब नीति आयोग भारत सरकार के अटल इनोवेशन मिशन के तहत स्कूल में स्थापित हुई है।
लैब को नीति आयोग भारत सरकार ने स्टार अटल ऑफ इंडिया और दो बार अटल स्कूल ऑफ द मंथ चुना है। इस मौके पर प्रवक्ता नवनीत पांडे, अष्टभुजा दुबे, बीएल यादव, प्रदीप सलाल, कृपाल सिंह बिष्ट, धन सिंह धौनी, प्रमोद पांडे, सुनीता बोरा, नवीन वर्मा, हिमांती टम्टा, भावना वर्मा, गीतांजलि नयाल, कंचन सनवाल आदि उपस्थित थे।