प्राचार्य से वार्ता करते छात्र।
- फोटो : अमर उजाला
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की समस्याओं का निराकरण नहीं होने से छात्र संघ में भारी आक्रोश है। गुस्साए छात्र नेताओं ने सुबह महाविद्यालय में तालाबंदी कर दी और प्रदर्शन किया। कहा कि छात्र-छात्राओं की अंकतालिकाएं नहीं पहुंचने के कारण दिक्कतें हो रही हैं। कार्यक्रमों के आयोजन के लिए महाविद्यालय प्रशासन सभागार उपलब्ध नहीं करा रहा है।बाद में प्राचार्य डॉ. चंद्र राम ने समस्याओं के निराकरण का आश्वासन देकर बमुश्किल छात्र नेताओं को शांत किया।
छात्र संघ कोषाध्यक्ष निखिलेश बिष्ट के नेतृत्व में छात्र नेताओं ने सुबह कालेज में तालाबंदी कर दी। उनका कहना था कि अंक तालिकाएं नहीं पहुंचने के कारण छात्र-छात्राओं को प्रवेश नहीं मिल पा रहे हैं। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ को लेकर कार्यक्रम का आयोजन होना था, लेकिन सभागार उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। छात्र नेताओं ने कहा कि छात्रावास बनकर तैयार हो चुका है, लेकिन अभी कालेज प्रशासन ने उसका हस्तांतरण तक नहीं किया है।
महाविद्यालय में मां सरस्वती की मूर्ति तक स्थापित नहीं की गई है। कालेज में बिजली की समस्या बनी हुई है। छात्र नेताओं ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम को 10 मार्च से पहले कराने की मांग उठाई। छात्र नेताओं के प्रदर्शन को देखते हुए वहां प्राचार्य डॉ. चंद्र राम पहुंचे, उन्होंने समझाने का प्रयास किया। कहा कि अंक तालिकाएं शीघ्र उपलब्ध कराएंगे। कार्यक्रम को लेकर छात्र संघ के साथ शीघ्र बैठक बुलाई जाएगी। इसके बाद छात्र नेता शांत हुए। प्रदर्शन करने वालों में सचिव मोहित अधिकारी, उप सचिव गौरव बिष्ट, चंद्र प्रकाश, कमल कुमार, कैलाश सिंह बिष्ट, ललित आर्य, सुनील अधिकारी, अनिल कुमार, नाबेद कुरैशी, कमल अस्वाल आदि मौजूद थे।