ढौरा के जंगल में लगी आग के बाद उठता धुआं।
- फोटो : अमर उजाला
कोसी रेंज के अंतर्गत तल्ला ढौरा के जंगल में दोपहर के समय अचानक आग भड़क गई। जंगल की आग गांव के समीप तक पहुंच गई थी। क्षेत्र के ग्रामीण और वन कर्मी आग बुझाने में जुटे रहे।
जंगलों में आग की घटनाओं पर अंकुश लगाने में वन विभाग सक्षम नहीं हो पा रहा है। आए दिन जंगलों में आग की घटनाएं हो रही हैं। सोमवार को दिन में तल्ला ढौरा के जंगल में आग भड़क गई। तल्ला ढौरा में लमगड़ा मार्ग के ऊपर और नीचे स्थित जंगल में आग काफी बड़े क्षेत्र में फैल गई है।
आग ने चीड़ के कई बड़े पेड़ों को भी चपेट में ले लिया। अपराह्न के समय जंगल की यह आग तल्ला ढौरा गांव के समीप तक पहुंच गई।
तल्ला ढौरा के ग्रामीण और महिलाएं आग बुझाने में जुटे हुए थे। सूचना मिलने पर वन कर्मियों को भी मौके पर भेजा गया। इधर कोसी के वन क्षेत्राधिकारी दिनकर जोशी ने बताया कि दस वन कर्मी मौके पर आग बुझाने के लिए भेजे गए हैं। आग पर देर सायं काबू पा लिया गया है। उन्होंने आशंका जताई है कि किसी यात्री ने जली बीड़ी, सिगरेट फेंक दी होगी, जिससे जंगल में आग भड़क गई।