अल्मोड़ा। कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल के छात्र परिषद के चुनाव के लिए शुक्रवार को एसएसजे परिसर अल्मोड़ा में नामांकन प्रक्रिया पूरी हुई। परिषद के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, छात्रा उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष कुल छह पदों के लिए 13 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया। कल 26 नवंबर को 11 से 1:30 बजे तक मतदान होगा। प्रत्याशियों ने चुुनाव के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। चुनाव में विवि और महाविद्यालयों के कुल 39 प्रतिनिधि अपने मत का प्रयोग करेंगे।
छात्र परिषद के अध्यक्ष पद के लिए कमलेश कुमार हर्बोला, राहुल गुंबर, उपाध्यक्ष पद के लिए चेतन पांडे, निखिल तिवारी, छात्रा उपाध्यक्ष पद पर दीपिका देव नाथ, सोनू कांडपाल, सचिव में दीपांशु रावत, पावस जोशी, संयुक्त सचिव में अमन कुड़ाई, कपिल चौहान, प्रेमप्रकाश पाठक, कोषाध्यक्ष पद के लिए पंकज मिश्रा, हर्षित खन्ना ने नामांकन कराया। चुनाव अधिकारी प्रो. आरएस पथनी ने बताया कि कुमाऊं विश्वविद्यालय छात्र परिषद के छह पदों के लिए कल 26 नवंबर को सुबह 11 से दोपहर 1:30 बजे तक मतदान होगा।
मतदान के तुरंत बाद मतगणना होगी और इसके तुरंत बाद परिमाण घोषित कर दिए जाएंगे। इसी दिन नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई जाएगी। चुनाव में विवि और महाविद्यालयों 39 प्रतिनिधि अपने मत का प्रयोग करेंगे। कुमाऊं विश्वविद्यालय के परिसरों और संबद्ध महाविद्यालयों से निर्वाचित विश्वविद्यालय प्रतिनिधि, विश्वविद्यालय छात्र परिषद का निर्वाचक मंडल होता है। इसी निर्वाचक मंडल द्वारा विवि छात्र परिषद के पदाधिकारियों का चुनाव किया जाएगा। प्रत्याशियों ने अपनी जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।
चुनावी रण जीतने के लिए प्रत्याशी अंतिम दिन अपने आकाओं के साथ रणनीति बनाने में जुटे रहे। नामांकन प्रक्रिया में चुनाव संयोजक प्रो. एनएस भंडारी, प्रो. इला साह, प्रो. मधुलता नयाल, प्रो. भीमा नयाल, प्रो. हरीश जोशी, डॉ. एके नवीन, डॉ. संदीप कुमार ने सहयोग दिया। कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल के छात्र महासंघ का चुनाव काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। हालांकि अध्यक्ष पद के लिए एनएसयूआई अथवा एबीवीपी ने प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं लेकिन दोनों संगठनों के कई नेता प्रत्याशियों के समर्थन में वोट जुटाने में लगे हैं। इस बार इस चुनाव में पैसे चलने की तक चर्चाएं हैं।