अल्मोड़ा। एनटीडी से धारानौला की ओर साइकिल से जा रहा एक छात्र साइकिल समेत पहाड़ी से करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। युवक ने हेलमेट भी नहीं पहना था और सिर पर गंभीर चोटें आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। घटना की खबर मिलने पर युवक के घर में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार हाल पुलिस लाइन खगमरा निवासी आवासीय विश्वविद्यालय में साइबर सिक्योरिटी तृतीय वर्ष का छात्र सौरभ किम्तवाल(23) पुत्र भोपाल सिंह किम्तवाल बुधवार सुबह करीब नौ बजे अपनी साइकिल से एनटीडी होते हुए धारानौला की तरफ आज रहा था। उदयशंकर नाट्य अकादमी के पास पहुंचते ही ढलान में साइकिल अनियंत्रित हो गई। जिससे वह साइकिल समेत सड़क से 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
घटना की जानकारी मिलते ही लोग मौके पर दौड़ पड़े। घटनास्थल में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम के आपातकालीन नंबर 112 से पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने युवक का शव कब्जे में ले लिया। लोगों से घटना की जानकारी लेने के बाद पंचायतनामा भरकर शव का पंचनामा भरकर परिजनों को सौंप दिया।
मौत की खबर के बाद से परिवार में कोहराम मच गया। छात्र के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। छात्र के पिता पिथौरागढ़ पुलिस विभाग में और बड़ा भाई सेना में है। मृतक अपनी मां के साथ पुलिस लाइन में रहकर आवासीय विश्वविद्यालय में पढ़ाई करता था। इससे पहले वह अल्मोड़ा के ही कूर्मांचल और महर्षि स्कूल में प्राथमिक शिक्षा प्राप्त कर चुका था। बेटे की मौत की जानकारी मिलते ही पिता भी मौके पर पहुंच गए।