कोसी नदी में नहाने गए होली एंजिल स्कूल के 12वीं के छात्र की डूबने से मौत हो गई। रविवार की सुबह छात्र अपने कुछ साथियों के साथ कोसी नदी में नहाने गया था, इसी बीच वह नदी में डूब गया, साथियों के शोर मचाने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला गया और यहां बेस अस्पताल लाया गया, लेकिन तब तक छात्र की मौत हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार यहां स्यालीधार स्थित दियोली गांव निवासी गोपाल सिंह लटवाल का पुत्र रोहित लटवाल(18) साथियों के साथ रविवार को यहां कोसी नदी में नहाने गया था। तुंगेश्वरी मंदिर के समीप वह लोग नहा रहे थे, अचानक रोहित नदी में डूबने लगा, साथियों के शोर मचाने पर स्थानीय लोग वहां एकत्रित हो गए। आनन-फानन में रोहित को बेस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुका था, रोहित के पिता गोपाल सिंह लटवाल सेना में हैं और इन दिनों छुट्टियों पर घर आए हैं। रोहित पांच बहनों का इकलौता भाई है। रोहित की मौत से पूरा परिवार सदमे में है। रोहित की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।