अल्मोड़ा। पुलिस और साइबर सेल ने एक छात्रा के नाम से फर्जी यू ट्यूब अकाउंट बनाकर छात्रा और एक अन्य युवक-युवती की वीडियो क्लीपिंग को यू-ट्यूब पर वायरल करने पर एसएसजे परिसर में बीकॉम में पढ़ने वाले छात्र को गिरफ्तार किया है। जिले में इस तरह का यह पहला मामला है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक एसएसजे परिसर में बीकॉम में पढ़ने वाला झिझाड़ जाखनदेवी अल्मोड़ा निवासी छात्र जय बिष्ट (21) कंप्यूटर और वीडियो एडिटिंग आदि के काम में काफी निपुण है। उसने परिचित एक छात्रा के नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर यू ट्यूब में एक वीडियो क्लीपिंग वायरल कर दी, जिसमें छात्रा हुक्का पीती दिखाई दे रही है। इसी छात्र ने कुछ समय बाद एक अन्य युवक और युवती की वीडियो क्लीपिंग भी छात्रा के फर्जी अकाउंट वाले यू ट्यूब में डाल दी।
यू ट्यूब में इस तरह की वीडियो वायरल होने की शिकायत मिलने पर संबंधित छात्रा और उसके परिजनों ने पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। एसएसपी पीएन मीणा के निर्देश पर साइबर सेल प्रभारी नीरज भाकुनी के नेतृत्व में एसआई बृज भूषण गुरुरानी, एसआई मोहन सोन, कांस्टेबल मोहन बोरा आदि ने मामले की जांच शुरूकी और सर्विलांस के जरिये साइबर सेल की टीम ने आरोपी की पहचान कर ली। एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने पत्रकारों को बताया कि आरोपी जय बिष्ट को धारा 66सी, 66डी आईटी एक्ट और धारा 419 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसके पास से कंप्यूटर सिस्टम, मॉडम, हार्डडिस्क, पैन ड्राइव, मॉनिटर आइद उपकरण भी कब्जे जे में ले लिए।