जिला महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर बगैर मास्क के आवाजाही करते लोग। संवाद
अधिकतर अस्पतालों में बगैर मास्क के पहुंच रहे हैं मरीज और तीमारदारसंवाद न्यूज एजेंसीअल्मोड़ा। जिले के अस्पतालों में अब मास्क नहीं पहना को मरीजों को इलाज मिलना मुश्किल होगा। स्वास्थ्य विभाग ने बगैर मास्क के अस्पताल पहुंचे मरीजों का इलाज न करने का निर्णय लिया है। अधिकांश मरीज कोरोना संक्रमण की अनदेखी कर बगैर मास्क के अस्पताल पहुंच रहे हैं जिससे खतरा बढ़ गया है। एडवाइजरी जारी होने के बावजूद मरीज और तीमरदार बगैर मास्क के बेखौफ अस्पतालों में पहुंच रहे हैं। ऐसे में जिले में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को रोकने और इससे निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग को यह निर्णय लेना पड़ा है।
जिले में कोरोना की रफ्तार तेज हो गई है। बावजूद इसके अस्पतालों और बाजारों में लोग बेखौफ बगैर मास्क और सामाजिक दूरी के आवाजाही कर रहे हैं। जिले के अस्पतालों में हर रोज ढाई हजार से अधिक ओपीडी पहुंच रही है। इनमें से 75 प्रतिशत से अधिक मरीज बगैर मास्क के इलाज को पहुंच रहे हैं और उन पर विभाग के निर्देशों का कोई असर नहीं हो रहा है। ऐसे में अब स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कदम उठाया है। अब चिकित्सक बगैर मास्क के अपने कक्ष में पहुंचने वाले मरीज का इलाज नहीं करेंगे। मरीज को मास्क पहनकर आना होगा तब जाकर उनका इजाल होगा। सीएमओ कार्यालय ने बाकायदा इसके लिए सभी अस्पतालों को निर्देश जारी किए हैं।
बाजारों में उड़ रहाी कोरोना गाइडलाइन की धज्जियां
अल्मोड़ा। नगर सहित जिले के प्रमुख बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ रही है लेकिन अधिकांश लोग बगैर मास्क के आवाजाही कर रहे हैं। उन्हें गाइडलाइन का पालन कराने वाला कोई नहीं है। ऐसे में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के निर्देश सिर्फ सरकारी फाइलों में सिमटकर रह गए हैं।
अस्पतालों में नहीं हैं मरीजों को मास्क देने की व्यवस्था
अल्मोड़ा। जिले के अस्पतालों में मरीज बगैर मास्क के इलाज के लिए पहुंच रहे हैं लेकिन फिलहाल उन्हें अस्पताल में मास्क उपलब्ध कराने की कोई व्यवस्था नहीं है। ऐसे में मरीजों को बाजार से मास्क खरीदकर अस्पताल जाना होगा।
अस्पतालों में मरीज को मास्क का प्रयोग करते हुए इलाज कराने के लिए आना होगा। यदि मरीज ने मास्क नहीं पहना होगा तो डॅक्टर उसका इलाज नहीं करेंगे। लोगों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए विभाग का साथ देना चाहिए। - डॉ. आरसी पंत, सीएमओ, अल्मोड़ा।