अल्मोड़ा के एक नौले से पानी भरते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
कौसानी और सोमेश्वर इलाके में हुई तेज बारिश के कारण कोसी नदी में उफना गई। सिल्ट आने से पंप बंद हो गए जिससे अल्मोड़ा में दो दिन से पानी की आपूर्ति ठप है। शुक्रवार को कुछ इलाकों में आंशिक आपूर्ति हुई, लेकिन शनिवार को पूरे नगर में पानी की आपूर्ति ठप रही। जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इधर एसडीएम और जल संस्थान के अधिकारियों ने शनिवार को कोसी पंप हाउस का निरीक्षण किया।
बीते दिन हुई तेज बारिश के बाद कोसी नदी का स्तर काफी बढ़ गया। कोसी नदी में पानी का बहाव अचानक तेज होने से सिंचाई विभाग के कर्मचारियों ने तत्काल कोसी डैम से पानी छोड़ना शुरू कर दिया। इस दौरान पानी के साथ काफी मात्रा में मिट्टी भी कोसी नदी में पहुंच गई और जल संस्थान के पंप हाउस के आसपास सिल्ट (गाद) भर जाने से तीनों पंप बंद हो गए। कोसी डैम से पानी छोड़े जाने के बाद जल स्तर कम होने पर जल संस्थान के कर्मचारियों ने पंप हाउस से गाद हटाने का काम शुरू किया।
जल संस्थान के जेई बचे सिंह देवड़ी ने बताया कि पानी काफी गंदा है और पंप हाउस के आसपास गाद काफी ज्यादा होने से सफाई कार्य में वक्त लग रहा है। काफी संख्या में कर्मचारियों को गाद हटाने के कार्य में लगाया गया है। इधर मौके पर गए एसडीएम विवेक राय ने बताया कि कोसी नदी का जल स्तर बढ़ जाने के बाद डैम से पानी छोड़ा गया। जिसके बाद अब डैम का जल स्तर सामान्य है। पानी की आपूर्ति नहीं होने से नगरवासी परेशान रहे। लोग सुबह पानी नहीं आने पर आसपास स्थित नौलों से पानी ढोकर लाए। कुछ लोगों ने दुपहिया और चौपहिया वाहनों के जरिए भी नौलों से पानी ढोया। इधर जल संस्थान के अधिशासी अभियंता नंदकिशोर ने बताया कि दोपहर बाद पंप चलने लगे हैं और रविवार को पानी की आपूर्ति सुचारु हो जाएगी।