एरोड के एक घर में अज्ञात युवकों की ओर से फेंके गए पत्थर। स्वयं
- फोटो : Sanvad
रातभर परिवार घर के भीतर दुबका रहा, जानमाल का खतरा बताकर तहरीर सौंपी
अल्मोड़ा। रानीखेत के एरोड गांव में अज्ञात युवकों ने बृहस्पतिवार रात खेल विभाग में तैनात कनिष्ठ सहायक के घर पर जम कर पत्थरबाजी की। देर रात मकान की छत पर अचानक पत्थर गिरने की आवाज सुनकर परिवार के लोग दहशत में आ गए। डर के मारे परिवार के लोग घर के भीतर दुबके रहे।
भवन स्वामी प्रशांत मेहरा ने रानीखेत के तहसीलदार को ज्ञापन देकर अज्ञात लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की है। प्रशांत खेल विभाग अल्मोड़ा में कनिष्ठ सहायक पद पर तैनात हैं। उन्होंने बताया कि रात करीब 12 बजे उनका परिवार घर पर सोया था। इसी दौरान कुछ अराजक तत्वों ने घर पर पत्थरबाजी शुरू कर की। जब उनके मकान की छत पर पत्थर बरस रहे थे तो घर में उनकी माता, पत्नी, बहन और उनका एक वर्ष का बालक और वे खुद मौजूद थे। गनीमत रही की इस पत्थर बाजी के चलते किसी को चोट नहीं पहुंची। इस घटना के बाद परिवार के लोग सहमे हुए है। कहा कि गांव के शांत माहौल को बिगाड़ने वाली ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद उन्हें और उनके परिवार को जानमाल का खतरा है।