जिला अस्पताल के पास सड़क पर सीवर का पानी बहने से हो रही दिक्कत के बाद अब यहां ह्यूम पाइप डालने का काम शुरू कर दिया गया है। शनिवार को सड़क की खुदाई का काम भी शुरू हो गया है। इस दौरान मालरोड को शनिवार दोपहर बाद से रविवार तक के लिए ऐहतियातन बंद कर दिया गया है। इस दौरान दोपहिया और चौपहिया वाहन चालकों को लिंक रोड से गंतव्य की ओर जाना पड़ा।
मालरोड स्थित जिला अस्पताल के पास हाइटेक शौचालय है। इसी के नीचे बनी नाली में जिला अस्पताल का पानी और बाजार के सीवर का गंदा पानी लंबे समय से बहकर सड़क पर आ रहा था। इससे आम लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। लोगों की शिकायत के बाद एसडीएम विवेक रॉय ने ह्यूम पाइप डलवाने के निर्देश दिए थे।
लोनिवि प्रांतीय खंड, नगर पालिका के कर्मचारियों ने शनिवार से काम शुरू कर दिया है। नो एंट्री के चलते चौघानपाटा को जाने वाले वाहनों को लिंक रोड से और करबला से आने वाले छोटे वाहनों को लोअर मालरोड से जाने को कहा गया। रोडवेज और केमू की बसों के लिए भी लोअर माल रोड और धारानौला मार्ग से जाने के निर्देश दिए गए हैं।
इधर, एसडीएम रॉय ने बताया कि पूर्व में सड़क के नीचे पतला पाइप डाला गया था जो भार सहन नहीं कर पाया। इसके चलते ह्यूम पाइप डालने को कहा गया। इस दौरान दो पेयजल लाइनों को भी शिफ्ट किया गया है। उन्होंने बताया कि रविवार तक काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
काम शुरू होने से पहले गंदगी भरे गड्ढे में गिरे कई लोग
पाइप डालने का काम शुरू होने से पहले शनिवार सुबह भी माल रोड में अस्पताल के निकट बने गड्ढे में दो-तीन लोग गिर पड़े। इस गड्ढे में सीवर की गंदगी जमा थी। बीते दिनों भी इस गड्ढे में कई लोग गिरे। इधर, शनिवार को इस स्थान पर पाइप डालने का काम शुरू होने के बाद लंबे समय से चली आ रही समस्या का स्थाई समाधान हो जाने की उम्मीद है।