मंदिर में स्थापित मां नंदा-सुनंदा की प्रतिमा । संवाद
रानीखेत (अल्मोड़ा)। नंदा देवी मंदिर परिसर में मां नंदा-सुनंदा की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। ब्रह्ममुहूर्त में शुरू हुए अनुष्ठानों के बाद प्रतिमाओं को मंदिर में स्थापित किया गया।
रविवार सुबह से ही मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। पुजारियों और आचार्यों के मूर्ति स्थापना के बाद पूरे वातावरण में भक्ति और आध्यात्मिकता का रंग घुल गया। इसके साथ ही मंदिर में भजन-कीर्तन और देवी स्तुति का दौर शुरू हो गया। प्रतिमा स्थापना के बाद श्रद्धालुओं ने मां नंदा–सुनंदा के दर्शन किए। नंदा देवी मंदिर में सुबह से लेकर देर तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। इस दौरान जय मां नंदा सुनंदा के जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा। वहां राजा अमित साह, समिति अध्यक्ष अंशुल साह, हरीश लाल साह, भुवन साह, अनिल वर्मा, मुकेश साह, प्रमोद कांडपाल, राजेंद्र पंत आदि मौजूद रहे।