अल्मोड़ा। विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने गुरुड़ाबंज में स्व. हरि प्रसाद टम्टा की मूर्ति का अनावरण किया। इस मौके पर उन्होंने दो माह के ताम्र शिल्प प्रशिक्षण का भी शुभारंभ किया। कुंजवाल ने कहा कि गुरुड़ाबांज में सौ करोड़ की लागत से बन रहा हरि प्रसाद टम्टा हस्तशिल्प उन्नयन संस्थान क्षेत्र में हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के साथ ही युवाओं को स्वरोजगार उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगा।
कुंजवाल ने कहा कि सौ करोड़ लागत से बनने वाले इस संस्थान में प्रथम चरण में 36 करोड़ से भवन बनकर तैयार हो जाएगा। यह संस्थान पारंपरिक शिल्प को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खोला जा रहा है। इसमें पारंपरिक काम करने वाले शिल्पकारों को नई तकनीकी जानकारी दी जाएगी और युवाओं को डिप्लोमा का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इस मौके पर कुंजवाल ने दो माह के ताम्र शिल्प कला प्रशिक्षण का शुभारंभ किया। 30 प्रतिभागियों को राष्ट्रीय डिजाइनिंग इंस्टीट्यूट अहमदाबाद के शिक्षक प्रशिक्षण देंगे।
इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष प्रशांत भैसोड़ा, ब्लाक प्रमुख पीतांबर पांडे, नोडल अधिकारी फते बहादुर सिंह, उप निदेशक उद्योग सुधीर नौटियाल, महाप्रबंधक उद्योग नैनीताल दीपक मुरारी, अल्मोड़ा कविता भगत, रविशंकर आदि ने विचार रखे। जागेश्वर के ग्राम प्रधान हरिमोहन भट्ट, पूरन बिष्ट, प्रमोद कुमार आदि भी उपस्थित थे।