भैंसियाछाना ब्लाक के आईटीआई धौलछीना में चार नए ट्रेड इलेक्ट्रिकल, फिटर, वेल्डर और कोपा को तकनीकी विभाग ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। विधायक मनोज तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार ट्रेड मंजूर हुए हैं।
पिछले दिनों मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा आगमन पर धौलछीना आईटीआई में चार नए ट्रेड खोलने की घोषणा की थी। विधायक तिवारी ने बताया कि तकनीकी विभाग ने चार ट्रेडों को मंजूरी दे दी है। इस वर्ष से आईटीआई में इलेक्ट्रिकल और फिटर व्यवसाय में प्रवेश शुरू हो जाएंगे, जबकि कोपा और वेल्डर ट्रेड आगामी वर्ष से संचालित होंगे। नए ट्रेड खुलने से क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रशिक्षण लेने के बाद रोजगार के अवसर खुलेंगे।
विधायक ने बताया कि अल्मोड़ा स्टेडियम के विस्तार के लिए 125 वर्ग मीटर भूमि खरीदने को सरकार ने सर्किल रेट के हिसाब से चार लाख 55 हजार 455 रुपये मंजूर किए हैं। इस धनराशि से खत्याड़ी क्षेत्र की भूमि खरीदी जाएगी। इसके अलावा खेलकूद और अन्य गतिविधियों के लिए 10 लाख रुपये भी खेल विभाग को स्वीकृत किए हैं। विधायक ने इसके लिए मुख्यमंत्री हरीश रावत का आभार जताया है।