अल्मोड़ा। अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों के सभी परिसर और महाविद्यालय अब कुमाऊं विवि से अलग होकर विधिवत सोबन सिंह जीना विवि का हिस्सा बन गए हैं। इसके लिए अलग से अधिसूचना जारी हो चुकी है। अब इन चारों जिलों में स्थित महाविद्यालयों और परिसरों में एसएसजे विश्वविद्यालय के आदेश ही लागू होंगे।
सोबन सिंह जीना विवि के कुलपति प्रो. एनएस भंडारी ने बताया कि इसके लिए शासन से 27 अगस्त को अधिसूचना जारी हो गई और इसकी प्रति यहां पहुंच चुकी है। शासन से प्रमुख सचिव आनंदवर्द्धन ने राज्यपाल की अनुमति से यह आदेश जारी किया है। कुलपति प्रो. भंडारी ने बताया कि नए विवि में बागेश्वर और पिथौरागढ़ दो नए परिसर बने हैं और चारों जिलों के अन्य सभी महाविद्यालय अब एसएसजे विवि से संबद्ध हो चुके हैं। यह भी बताया गया है कि स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश की प्रक्रिया फिलहाल कुमाऊं विवि के तहत ही चल रही है। इसके लिए छात्र-छात्राओं ने ऑनलाइन आवेदन किए हैं। कल 31 अगस्त को आवेदन करने की अंतिम तिथि है। हालांकि केंद्र सरकार ने अब शिक्षण संस्थाओं को सितंबर में भी बंद रखने की बात कही है। इसे देखते हुए प्रवेश प्रक्रिया के संबंध में भी जल्द फैसला किया जाएगा।