अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के पहले कुलपति प्रो. एनएस भंडारी ने शुक्रवार को यहां एसएसजे परिसर में स्थित अतिथि गृह में बनाए गए कुलपति कार्यालय में विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। इसी के साथ नए विवि में कामकाज शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि वह सरकार और लोगों की अपेक्षा के अनुसार विवि को शिखर तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। इससे पहले उन्होंने पूजन के साथ कुलपति कार्यालय का शुभारंभ भी किया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद पत्रकार वार्ता में प्रो. भंडारी ने कहा कि वह बदलते दौर में नए विवि में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर पहाड़ के युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने का प्रयास करेंगे।
प्रो. भंडारी ने आज के दिन को एतिहासिक बताते हुए यह महत्वपूर्ण दायित्व दिए जाने के लिए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का आभार जताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में आज तेजी से बदलाव हो रहा है। कोरोना के बाद स्थितियां बहुत तेजी से बदल गई हैं। उसी के अनुरूप शिक्षा व्यवस्था को लागू करना जरूरी है। अब नए सत्र में भी फिलहाल ई-क्लासेस की तैयारियां की जा रही हैं। प्रो. भंडारी ने कहा कि उनके कार्यभार संभालने के साथ ही अब एसएसजे विवि पूरी तरह अस्तित्व में आ गया है। एसएसजे परिसर में स्थित अतिथि गृह में ही स्थायी रूप से कुलपति कार्यालय स्थापित कर दिया गया है और सब कामकाज इसी दफ्तर से चलेगा। उन्होंने कहा आवासीय विवि में वर्तमान में 12 व्यवसायिक कोर्स चल रहे हैं। इन सभी पाठ्यक्रमों को बेहतर ढंग से संचालित करने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल आवासीय विवि की कक्षाएं पहले की तरह पांडेखोला में ही चलती रहेंगी। एसएसजे परिसर सहित बागेश्वर और पिथौरागढ़ परिसरों में भी रोजगारपरक विषय शुरू करने का प्रयास होगा। इससे पहले अल्मोड़ा पहुंचने पर प्रो. भंडारी ने एसएसजे परिसर में स्थित मां सरस्वती, स्वामी विवेकानंद और स्व. सोबन सिंह जीना की मूर्तियों पर माल्यार्पण किया। वह परिसर निदेशक कार्यालय में भी गए। उसके बाद अतिथि गृह में बनाए गए कुलपति कार्यालय का शुभारंभ किया। उन्होंने शिलापट का अनावरण किया। विधि विधान से सपत्नीक पूजा भी की। कार्यक्रम में प्रो. भंडारी की पत्नी संजना भंडारी, परिसर निदेशक प्रो. जेएस बिष्ट, आवासीय विवि के कुलसचिव डॉ. बिपिन चंद्र जोशी, प्रो. डीएस पोखरिया, प्रो. एसए हामिद, प्रो. जया उप्रेती, प्रो. शेखर जोशी, प्रो. डीके भट्ट, डॉ. अमित पंत, डॉ. संजीव आर्या, लियाकत अली, प्रो. डीएस बिष्ट, अमित जोशी, किशन बिष्ट, छात्रसंघ अध्यक्ष दीपक उप्रेती, महासचिव नवीन कनवाल, छात्रा उपाध्यक्ष मेघा डसीला, कोषाध्यक्ष राहुल अधिकारी, उपसचिव दीपक तिवारी आदि थे।
पांडेखोला में बनेगा नया प्रशासनिक भवन
अल्मोड़ा। एसएसजे जीना विवि के कुलपति प्रो. एनएस भंडारी ने बताया कि नए विवि का प्रशासनिक भवन का निर्माण पांडेखोला के पास आवासीय विवि के लिए चयनित की गई भूमि पर किया जाएगा। बताया गया है कि आवासीय विवि के लिए करीब 300 नाली जमीन अधिग्रहीत की गई है। अब इसी जमीन पर नए एसएसजे जीना विवि का प्रशासनिक भवन बनेगा।
फिलहाल पहले की तरह चलती रहेंगी व्यवस्थाएं
अल्मोड़ा। कुलपति प्रो. एनएस भंडारी ने बताया कि नया विवि बन जाने के बावजूद फिलहाल सभी व्यवस्थाएं कुमाऊं विवि के तहत चलती रहेंगी। उन्होंने कहा कि छात्रों को किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी और फिलहाल सभी कार्य पहले की तरह चलेंगे। प्रो. भंडारी ने बताया कि अल्मोड़ा पहुंचने से पहले नैनीताल में कुमाऊं विवि के कुलपति प्रो. एनके जोशी से मुलाकात कर इन व्यवस्थाओं के बारे में बातचीत की है।
अल्मोड़ा पहुंचने पर प्रो. भंडारी का हुआ भव्य स्वागत
अल्मोड़ा। प्रथम कुलपति प्रो. एनएस भंडारी का अल्मोड़ा पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों और परिसर के छात्रों और शिक्षकों ने भव्य स्वागत किया। इस मौके पर ढोल नगाड़ों के साथ आतिशबाजी भी की गई। उन्हें बुके आदि भेंट किए गए और कई लोगों ने शॉल ओढ़ाकर भी सम्मानित किया। इससे पहले अनेक लोगों ने लोधिया पहुंचकर उनका स्वागत किया। वहां स्वागत करने वालों में जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष ललित लटवाल, जगत कनवाल, महेंद्र रावत, त्रिलोक लटवाल, भुवन भाष्कर राठौर, लता बोरा, विद्या बिष्ट, कुंदन चम्याल, किरन पंत, दर्शन रावत आदि थे।