एसएसबी के आईजी श्याम सिंह ने अफसरों और जवानों से मानव अधिकारों का उल्लंघन नहीं करने और मानवाधिकारों के पालन के लिए हर संभव प्रयास करने के निर्देश दिए।
यहां एसएसबी मुख्यालय में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के संयोजन में आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए उन्होंने यह बात कही।
श्री सिंह ने कहा कि अधिकारियों को भी जवानों और अन्य मातहत कर्मचारियों की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। यह जरूर देखा जाना चाहिए कि किसी भी दशा में मानवाधिकारों का उल्लंघन नहीं हो।
साथ ही जवानों को भी अफसरों के आदेशों का पालन करना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में भी मानवाधिकारों का उल्लंघन नहीं हो इसके लिए प्रयास करने चाहिए।
इस मौके पर विधि क्षेत्र के विशेषज्ञों ने एसएसबी के अधिकारियों और जवानों को मानवाधिकार आयोग की कार्य प्रणाली, आयोग की शक्तियों, मानवाधिकार न्यायालय आदि के बारे में जानकारी दी।
इससे पहले आईजी श्याम सिंह के अलावा पुलिस अधीक्षक केएस नगन्याल, एनएसीसी के कर्नल अजय जोशी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यशाला का उद्घाटन किया।
कार्यशाला में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती रीना नेगी, डिप्टी लेबर कमिश्नर अनिल पेटवाल, एडीएम प्रकाश चंद्र, कुमाऊं विवि एसएसजे परिसर के डा. डीके भट्ट, डा. मीना पथनी आदि ने भी विचार रखे।
कार्यक्रम में उक्त लोगों के अलावा डीआईजी पीएस मेहरा, कमांडेंट मानवेंद्र, ज्ञान चंद्र, जीसी पांडे, हरिओम गुरुंग, अधिवक्ता सुनीता पांडे आदि मौजूद थे।