अल्मोड़ा। जिले में घरेलू गैस सिलिंडरों की स्पॉट डिलीवरी बंद कर दी गई है। स्पॉट पर लोग गैस के वाहन आने का इंतजार करते रहे लेकिन वाहन नहीं पहुंचा। बाद में लोगों ने गैस गोदाम जाकर वहां से सिलिंडर रिफिल कराए। वहीं गैस कार्यालयों में मैनुअल पर्ची काटने के लिए लोगों की भारी भीड़ रही। लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
जिले में 174621 घरेलू गैस उपभोक्ता हैं। शुक्रवार को जिले में कई गैस वितरण प्वाॅइंट पर गैस वितरित होनी थी लेकिन स्पॉट डिलीवरी नहीं हुई। लोग गैस वितरण स्थलों पर सिलिंडर रिफिल कराने पहुंचे थे लेकिन वाहन नहीं आने के कारण उन्हें बैरंग लौटना पड़ा। इंडेन गैस सर्विस के अधिकारियों के मुताबिक घरेलू गैस की स्पॉट डिलीवरी तीन चार दिन के लिए बंद कर दी है।
उपभोक्ता स्थानीय गैस गोदामों से सिलिंडर रिफिल करा सकते हैं। इधर, सर्वर डाउन होने से ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो सकी। परेशान लोग गैस एजेंसी कार्यालय पहुंचे तो वहां मैनुअल पर्ची कटाने के लिए घंटों कतार में लगकर इंतजार करना पड़ा। इससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।