अल्मोड़ा। जिले के विभिन्न विकासखंडों में न्याय पंचायत स्तर पर खेल प्रतिभाओं की पहचान के उद्देश्य से मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना-2026 के तहत खेल ट्रायल शुरू हो गए हैं। बुधवार को हवालबाग ब्लॉक की गुरना न्याय पंचायत में योजना का शुभारंभ किया गया। ट्रायल में गुरना न्याय पंचायत के सात विद्यालयों के कुल 70 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खिलाड़ियों की विभिन्न खेल विधाओं में शारीरिक दक्षता और प्रदर्शन का मूल्यांकन किया गया।
चयनित खिलाड़ियों को योजना के तहत छात्रवृत्ति का लाभ प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल सकेंगे। कार्यक्रम का संयोजन राजकीय इंटर कॉलेज दौलाघट के प्रधानाचार्य दीपक सिंह नयाल ने किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें उचित प्रशिक्षण और प्रोत्साहन उपलब्ध कराना है। हवालबाग ब्लॉक की शेष नौ न्याय पंचायतों में खेल ट्रायल 20 और 21 जुलाई को आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। खेल विभाग और शिक्षा विभाग के सहयोग से ट्रायल पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराए जाएंगे।