35वीं वाहिनी आईटीबीपी के बिनौला स्थित मुख्यालय में आठवां स्थापना दिवस धूमधाम पूर्वक मनाया गया। वाहिनी के सेनानी अमित कटियार ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि वाहिनी देश की सुरक्षा के लिए मुस्तैदी से तैनात है। सभी अधिकारी और जवान पूर्णनिष्ठा से दायित्वों का निर्वहन करें। इस मौके पर विभिन्न प्रतियोगिताएं भी हुई।
उन्होंने कहा कि वाहिनी 16 अगस्त 2009 से 23 मार्च 2012 तक छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाके में तैनात रही। इसी दौरान 2010 में वाहिनी को सर्वश्रेष्ठ ईएनओ घोषित किया गया। इस मौके पर वाहिनी की टुकड़ी ने सलामी दी। परेड का नेतृत्व सहायक सेनानी रवींद्र सिंह ने किया। स्थापना दिवस पर विभिन्न प्रतियोगिताएं हुई। रस्साकशी प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। प्रबंधक और एफ कंपनी की संयुक्त टीम विजेता रही। सी और डी कंपनी की टीम उप विजेता रही। बच्चों की जलेबी रेस में काम्या, तान्या, सूर्या, चम्चम रेस में मीनाक्षी तिवारी, भावना तिवारी, श्रेष्ठी, 100 मीटर रेस में मीनाक्षी तिवारी, गौरव, सोनिका क्रमश: प्रथम, द्वितीय, तृतीय रहे। म्यूजिकल चेयर रेस में पूनम, रूपा, बोरा-रेस में दिनेश राव, विपिन कुमार ने क्रमश: प्र्रथम, द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
समापन अवसर पर सेनानी अमित कटियार उनकी पत्नी ने अव्वल रहे प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए। बाद में बडे़खाने का आयोजन किया गया। जिसमें वाहिनी के अधिकारियों, जवानों और उनके परिजनों ने भाग लिया। इस अवसर पर उप सेनानी रिंकू थापा, सूबेदार मेजर शिव सिंह बूटेला आदि मौजूद थे।