अल्मोड़ा। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने विकास भवन में हुई बैठक में जिला योजना, राज्य सेक्टर और केंद्र सहायतित योजनाओं के अंतर्गत विभागों को जारी धनराशि के सापेक्ष व्यय की गई धनराशि और निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अंतिम दो माह में कार्यों की प्रगति में तेजी लाएं। जिन विभागों को धनराशि जारी की जा चुकी है वे उसका सदुपयोग कर शत-प्रतिशत खर्च करें।
उन्होंने जिला योजना के तहत वन विभाग, लोक निर्माण विभाग, समाज कल्याण, ग्रामीण निर्माण विभाग, जल निगम, जिला पंचायत, नगरपालिका, रेशम आदि विभागों को इस माह के अंत तक कार्यों में तेजी लाते हुए धनराशि को व्यय करने के निर्देश दिए। ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिकारियों विशेषकर पूल्ड आवास और विभागीय निर्माण कार्यों की धीमी गति पर कहा कि विभाग द्वारा इस तरह लापरवाही की गई तो उनसे विभागीय निर्माण कार्य वापस ले लिए जाएंगे।
बैठक में बताया गया कि जिला योजना के तहत शासन से जारी 40.74 करोड़ के सापेक्ष 26.78 करोड़ रुपये अब तक व्यय कर लिए गए हैं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नवनीत पांडे, जिला विकास अधिकारी केके पंत, अर्थ और संख्याधिकारी जीएस कालाकोटी, अपर संख्याधिकारी कुंदन लाल आदि मौजूद थे।