अल्मोड़ा। कोरोना संक्रमण के तेजी से फैलने के साथ ही जिला अस्पताल अल्मोड़ा में कोरोना जांच में तेजी आई है। किसी भी मरीज में कोरोना के लक्षण पाए जाने पर अस्पताल में उनकी कोरोना जांच की जा रही है। तीन माह में कुल 537 मरीजों की कोरोना जांच हो चुकी है। जिसमें से 55 मरीज पॉजिटिव निकल चुके हैं। वहीं इन दिनों संक्रमण के बीच लोगों ने ओपीडी से दूरी भी बना ली है। इन दिनों ओपीडी 50 प्रतिशत तक घट गई है।
पिछले कुछ दिनों से जिले में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। बुधवार को बेस अस्पताल में भर्ती दो लोगों की कोरोना से मौत भी हुई। इधर किसी भी ओपीडी मरीज में संक्रमण के लक्षण पाए जाने पर उसकी अस्पताल में ही तत्काल कोरोना जांच की जा रही है। सितंबर से अस्पताल में रेपिड टेस्ट से जांच शुरू की गई। जिसके बाद से अब तक कुल 537 मरीजों के कोरोना टेस्ट हुए। जिसमें से अब तक 55 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।