यहां स्वर्गाश्रम बिनसर महादेव मंदिर गीता भवन दत्तात्रेय मंदिर का वार्षिकोत्सव 22 मई को अनुष्ठानाें के साथ शुरू होगा। इस अवसर पर मंदिर में हर वर्षों की तरह इस बार भी शतचंडी महायज्ञ और श्रीमद्भागवत कथा भी होगी, 10 दिवसीय इस कार्यक्रम में दूर दराज के श्रद्धालु भी पहुंचते हैं। 10 दिनों तक मेले जैसा माहौल रहता है।
मंदिर के संस्थापक सदस्य ब्रह्मलीन नागा बाबा मोहन गिरि महाराज ने वार्षिकोत्सव पर यह परंपरा शुरू की थी। उनके निधन के बाद मंदिर के महंत राम गिरि महाराज की देखरेख में यह धार्मिक समारोह हो रहा है। इस बार 22 मई से कार्यक्रम होंगे। दो मई को विशाल भंडारे के साथ अनुष्ठान संपन्न होंगे। विश्वशांति के लिए किया जाने वाला शतचंडी यज्ञ भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।
कार्यक्रम के व्यास हल्द्वानी निवासी भुवन चंद्र तिवारी होंगे। आचार्य राजेंद्र प्रसाद शास्त्री, यजमान शिव शंकर पालीवाल और लक्ष्मी दत्त जोशी होंगे। मंदिर के महंत राम गिरि महाराज ने बताया कि 22 मई को यज्ञ, पंचांग पूजन, ब्राह्मण वरण के साथ अनुष्ठान शुरू होंगे। 23 को मंडप पूजन, वेदी पूजन होगा। दोपहर दो बजे से कथा प्रवचन शुरू होंगे।
दो को हवन, पूर्णाहूति के साथ समष्टि भंडारा आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया किमंदिर में नियमित रूप से महाआरती का आयोजन भी होगा। वहां हर साल होने वाले इस 10 दिनी समारोह में मेले जैसा माहौल रहता है। जिसमें कई जिलों के श्रद्धालु आते हैं।